मुनस्यारी जा रही पर्यटकों की कार खाई में गिरी, दंपति की मौत

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा जिले के भैसियाछाना विकास खंड अंतर्गत धौलछीना के कसान बैंड के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से मुनस्यारी जा रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 20–30 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद धौलछीना से अल्मोड़ा रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो (DL 3CC Z 8690) में दिल्ली के महरौली निवासी एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे। वे कैंची धाम में दर्शन के बाद धारचूला–मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। कसान बैंड पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार ऊपर की सड़क से नीचे की सड़क की ओर जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही थाना धौलछीना पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया गया है।