देहरादून । राज्य के 27 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को इस साल महंगी बिजली का सामना नहीं करना पड़ेगा। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने ऊर्जा निगमों द्वारा प्रस्तावित 18.86 प्रतिशत टैरिफ बढ़ोतरी को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
आयोग के अध्यक्ष एमएल प्रसाद, सदस्य तकनीकी प्रभात किशोर डिमरी और सदस्य विधि अनुराग शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि यूपीसीएल, पिटकुल, यूजेवीएनएल और एसएलडीसी द्वारा भेजे गए प्रस्ताव का गहन अध्ययन और जनसुनवाई के बाद यह फैसला लिया गया।
आयोग ने स्पष्ट किया कि वर्तमान बिजली दरें ही लागू रहेंगी और फिक्स या डिमांड चार्ज में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही सिंगल प्वाइंट बल्क सप्लाई की दर 7.50 रुपये से घटाकर 6.25 रुपये कर दी गई है।
गौरतलब है कि राज्य गठन के बाद यह तीसरी बार है जब बिजली दरों में शून्य बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
उत्तराखंड में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, नहीं बढ़ेंगी दरें
