बड़े भाई ने छोटे भाई को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट।

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा इलाके में सोमवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। घर के भीतर हुए हिंसक घटनाक्रम में एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पीड़ित परिवार सदमे और दहशत में है।

पुलिस के अनुसार 3 फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप जायसवाल घर पहुंचा और अचानक अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल पर हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी चिल्लाते हुए कह रहा था कि “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, कुछ नहीं कर पाया।” इसके बाद उसने पास पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। आरोप है कि संदीप ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर भी बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बीच-बचाव करने पर आरोपी ने परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “मैं इसे मार दूंगा, सुबह श्मशान में जलाऊंगा… तुम सब अंदर चले जाओ, वरना तुम्हें भी मार दूंगा।” भयभीत परिजन कमरे में बंद हो गए। लगातार मारपीट के बाद सोनू बेहोश हो गया। किसी तरह परिजनों ने परिचित को फोन कर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस के आते ही आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गया। पुलिस ने घायल सोनू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बाद में आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।