ऐंचोली में विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

खबर शेयर करें 👉

जिला मुख्यालय के समीप ऐंचोली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार ऐंचोली निवासी 23 वर्षीय पूजा भट्ट आज अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। सूचना पर ऐंचोली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कमलेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।

चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कमलेश जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की अग्रिम कार्रवाई और जांच जारी थी।