सीमावर्ती गांव में SSB का पशु चिकित्सा शिविर, 116 मवेशियों को मिला निःशुल्क उपचार

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । 55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के तहत लगातार जनहितकारी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 03 फरवरी 2026 को सीमावर्ती गांव द्वालिसेरा में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में उप-कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. पूजा फर्स्वान द्वारा मवेशियों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले पशुपालकों को उनके पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

पशु चिकित्सा शिविर से कुल 116 मवेशी और 25 पशुपालक लाभान्वित हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पशुपालकों के लिए बेहद उपयोगी बताया।

सशस्त्र सीमा बल द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ विश्वास, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।