SSB जवान योगेश चंद जोशी ने 10 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ में मारी बाज़ी, किया प्रथम स्थान हासिल

खबर शेयर करें 👉

55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के आरक्षी (सामान्य) योगेश चंद जोशी ने अंतर सीमांत 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता 03 फरवरी 2025 को सशस्त्र सीमा बल के केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र, सपड़ी (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित की गई थी।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच योगेश चंद जोशी ने 10 किलोमीटर की कठिन पहाड़ी दौड़ मात्र 37 मिनट में पूरी कर अपनी बेहतरीन फिटनेस और कड़ी मेहनत का परिचय दिया। उन्होंने सीमांत मुख्यालय रानीखेत की ओर से प्रतियोगिता में भाग लिया था।

योगेश चंद जोशी मूल रूप से ग्राम आठगांव शिलिंग, जिला पिथौरागढ़ के निवासी हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने गांव में ही नियमित अभ्यास कर यह सफलता हासिल की।

उन्होंने बताया कि उनकी खेल यात्रा स्कूल से शुरू हुई थी। इसके बाद एलएसएम पीजी कॉलेज, पिथौरागढ़ से उन्होंने 400 मीटर दौड़ में विश्वविद्यालय स्तर पर कई पदक जीते। सशस्त्र सीमा बल में भर्ती होने के बाद यह उनकी पहली क्रॉस कंट्री दौड़ थी, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की।

इससे पहले भी योगेश चंद जोशी ने 23 जनवरी 2025 को 55वीं वाहिनी और 28 जनवरी 2025 को 39वीं वाहिनी, पालिया में आयोजित 10 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

योगेश चंद जोशी की यह उपलब्धि 55वीं वाहिनी सहित पूरे सशस्त्र सीमा बल के लिए गर्व की बात है और यह अन्य जवानों को फिटनेस व अनुशासन के लिए प्रेरित करती है।