SSB महानिदेशक संजय सिंघल पिथौरागढ़ के दो दिवसीय दौरे पर, जवानों का बढ़ाया मनोबल

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने 11 व 12 फरवरी को 55वीं वाहिनी, पिथौरागढ़ का दो दिवसीय औपचारिक भ्रमण किया। उनके आगमन पर वाहिनी मुख्यालय में पारंपरिक सैन्य रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया तथा सुसज्जित परेड दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। कमांडेंट आशीष कुमार ने महानिदेशक को वाहिनी की गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान महानिदेशक ने सीमा चौकी जौलजीबी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती प्रणाली और संचार तंत्र की समीक्षा की। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात जवानों के साहस और समर्पण की उन्होंने सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

उन्होंने मुख्यालय परिसर में चल रहे निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का अवलोकन कर गुणवत्ता व समयसीमा के पालन के निर्देश दिए। सैनिक सम्मेलन में जवानों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया और सीमाओं पर तैनात जवानों को राष्ट्र का प्रथम प्रहरी बताया।

सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान कर महानिदेशक ने प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। कुल 19 यूनिट रक्त संग्रहित कर जिला चिकित्सालय को सौंपा गया। साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

दो दिवसीय यह दौरा अधिकारियों व जवानों के लिए उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।