पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की खूबसूरत सोरघाटी दीपावली की रात रोशनी और रंगों से जगमगा उठी। घाटी के हर गाँव, घर और मंदिर में जलते दीपकों की पंक्तियाँ और आसमान में छूटती आतिशबाज़ी का नज़ारा मन मोह लेने वाला रहा।
हिमालय की गोद में बसी इस घाटी में दीपों की रौशनी पर्वतों पर झिलमिलाते तारों सी प्रतीत हो रही थी। लोग पारंपरिक वेशभूषा में एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते नज़र आए, जबकि बच्चों ने आतिशबाज़ी से दीपावली की रौनक बढ़ा दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस वर्ष घाटी में दीपावली उत्सव पहले से अधिक भव्य रहा। अनेक स्थानों पर सामूहिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय संस्कृति, लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत ने पर्व को विशेष बना दिया।
प्राकृतिक सौंदर्य और त्योहार की चमक का संगम बनी सोरघाटी का यह विहंगम दृश्य देखने वालों के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।
