सोर नजूल फ्री होल्ड संघर्ष समिति का ऐलान: मालिकाना हक तक जारी रहेगा आंदोलन, रविवार को गांधी चौक में धरना

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। सोर नजूल फ्री होल्ड संघर्ष समिति ने नजूल भूमि पर मालिकाना हक की मांग को लेकर रविवार को सुबह 11 बजे से गांधी चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। समिति का कहना है कि जब तक नजूल भूमि पर निवास कर रहे लोगों को मालिकाना हक नहीं मिल जाता, तब तक शहरवासी चैन से नहीं बैठेंगे।

समिति के संयोजक उमेश लाल साह ने बताया कि नजूल भूमि प्रकरण को एक दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक प्रभावित लोगों को स्पष्ट समाधान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि कई परिवार मजबूरी में जर्जर भवनों में रहने को विवश हैं। लोगों द्वारा राजकीय कोष में चालान के माध्यम से धनराशि जमा कराई जा चुकी है, बावजूद इसके उन्हें स्वामित्व का अधिकार नहीं दिया गया है।

साह ने मांग की कि 300 वर्ग मीटर तक के कब्जाधारकों को प्राथमिकता के आधार पर मालिकाना हक दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भवनों के सुधारीकरण के नाम पर प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान और धमकाया जा रहा है, जबकि रसूखदार लोगों को खुली छूट दी जा रही है।

समिति ने इन सभी मांगों को लेकर धरना आयोजित करने की बात कही है और नजूल भूमि से जुड़े सभी लोगों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।