उत्तराखंड सहित पूरे देश के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पिथौरागढ़ जिले के वीर जवान विकास कुमार, जो भारतीय सेना की 19 कुमाऊँ रेजिमेंट में तैनात थे, देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। उनकी तैनाती सिक्किम में थी, जहां ड्यूटी के दौरान उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
विकास कुमार की शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिला मुख्यालय के समीप स्थित उनके पैतृक गांव गणकोट (सुकौली) में मातम पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है, लेकिन साथ ही इस बात का गर्व भी है कि उनका बेटा देश के लिए कुर्बान हुआ।
शहीद विकास कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, भाई और 8 माह के मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। उनके बलिदान को पूरा देश नमन कर रहा है और लोगों की जुबान पर एक ही बात है—”विकास अमर रहें”।
