पिथौरागढ़ । रोडवेज स्टेशन के पास हुई मारपीट और लूट की वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। टकाना निवासी एक महिला की तहरीर पर दर्ज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 26 मार्च की रात की है, जब अज्ञात व्यक्ति ने महिला के चचेरे भाई मनोज कुमार पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पास से नगदी, आधार कार्ड व पैन कार्ड लूट लिए। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।
इसके बाद सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केमू स्टेशन के पास से आरोपी दलीप कुमार (23), निवासी झरकाणा, जिला दार्चुला (नेपाल), हाल निवासी पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त लकड़ी की फन्टी भी बरामद हुई।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रोडवेज स्टेशन मारपीट व लूट कांड का खुलासा, 72 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
