विद्यालयी शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों और सरकारी स्कूलों में लंबे समय से रिक्त पड़े 2364 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आउटसोर्स माध्यम से की जा रही इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती में स्थानीय स्तर के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे क्षेत्रीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि मृत संवर्ग के इन पदों को आउटसोर्स व्यवस्था से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों और विभागीय कार्यालयों में कर्मचारियों की कमी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा था, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रोजगार प्रयाग पोर्टल पर जिलावार रिक्तियां प्रकाशित कर दी गई हैं, ताकि अभ्यर्थी अपने जिले के अनुसार आवेदन कर सकें।
जिलावार पदों की बात करें तो उत्तरकाशी में 135, रुद्रप्रयाग में 106, टिहरी में 268, ऊधमसिंहनगर में 182, पिथौरागढ़ में 197, पौड़ी में 340, बागेश्वर में 89, अल्मोड़ा में 254, चमोली में 179, चम्पावत में 120, देहरादून में 195, हरिद्वार में 91 और नैनीताल जिले में भी पद निर्धारित किए गए हैं।
विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते पोर्टल पर आवेदन करने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की अपील की है।
शिक्षा विभाग में 2364 चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 5 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन
