श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर न सिर्फ धार्मिक आस्था, बल्कि हिंदुस्तान के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। न्यायालय की लंबी लड़ाई के बाद मंदिर निर्माण शुरू हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इसके लिए देशभर में 10 करोड़ लोगों से संपर्क किया और 42 दिन चले अभियान में जनता ने तीन बैंकों में करीब 3000 करोड़ रुपये दान दिए। इसमें न सिर्फ हिंदू, बल्कि सैकड़ों मुसलमानों और मिजोरम के ईसाइयों ने भी चंदा दिया। देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान राय ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब तक 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में करीब 3000 मंदिर श्रीराम को समर्पित हैं, लेकिन 500 वर्षों के संघर्ष के बाद बना यह मंदिर एक अनमोल हीरा है।
राम मंदिर राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक, 10 करोड़लोगों से संपर्क कर जुटाए गए 3000 करोड़
