दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जनपद के झूलाघाट क्षेत्र में महिला उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत दिवस कोतवाली झूलाघाट में एक युवती ने लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि क्षेत्र निवासी हरीश कोहली ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार डराया-धमकाया तथा गाली-गलौच कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली झूलाघाट में आरोपी के विरुद्ध धारा 377, 551(2), 552, 64 बीएनएस तथा धारा 66 आईटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना एसएचओ झूलाघाट संजीव कुमार द्वारा प्रारंभ की गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।