महिला वर्ल्ड कप जीत पर राष्ट्रपति मुर्मू ने विधानसभा में बजाई तालियां, पूरे सदन ने दी बधाई

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में आज एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी। सीएम के इस वक्तव्य पर पूरा सदन मेजें थपथपाकर उत्साह व्यक्त करने लगा, वहीं सदन में मौजूद राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने भी करतल ध्वनि से अपनी खुशी प्रकट की।

उत्तराखंड स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित इस विशेष सत्र में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, और नेता प्रतिपक्ष भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा,

“आज मैं इस सदन के माध्यम से भारत माँ की उन बेटियों को बधाई देना चाहता हूँ जिन्होंने महिला क्रिकेट का पहला वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। इस टीम ने देश की करोड़ों महिलाओं और बालिकाओं को नई प्रेरणा दी है।”

सीएम के इन शब्दों पर पूरा सदन तालियों की गूंज से भर उठा, और राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा ताली बजाकर दी गई बधाई ने इस क्षण को और भी विशेष बना दिया।

बाद में अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि देश की हर बेटी के लिए प्रेरणास्रोत है। सदन के सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से इस गौरवपूर्ण क्षण का स्वागत किया।