महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अपने नैनीताल प्रवास के दौरान आज प्रातः कैंची धाम पहुंचकर सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और राष्ट्र की सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
मंदिर आगमन पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) तथा कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
कैंची धाम दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति मुर्मु ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सदियों से ज्ञान, संस्कृति और अध्यात्म का केंद्र रहा है। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक संपदा—नदियों, वनों और पर्वतों—की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
राष्ट्रपति ने उत्तराखंड की धरती को वीरों की भूमि बताते हुए उन सभी स्वाधीनता सेनानियों और सैनिकों को नमन किया जिन्होंने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए योगदान दिया। उन्होंने समारोह में पदक प्राप्त करने वाले उपाधिधारकों को शुभकामनाएं भी दीं।
