पिथौरागढ़ । नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 3.9 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के निर्देश पर जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी कुंवर सिंह रावत के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ललित मोहन जोशी और प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम जाख रोड पर चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 3.9 ग्राम (पन्नी सहित) हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में युवक की पहचान अमित बल्दिया के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की उम्र 25 वर्ष बताई जा रही है और वह पौण, पिथौरागढ़ का निवासी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
