बैंगलोर में 4 से 9 फरवरी 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप (अंडर-19) में पिथौरागढ़ के दो होनहार मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए।
70 किलोग्राम भार वर्ग में दीपेश अधिकारी ने कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के दौरान दीपेश ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पंजाब के मजबूत मुक्केबाजों को पराजित किया। वह सीबीएसई टीम के सदस्य के रूप में मैदान में उतरे थे।
वहीं 50 किलोग्राम भार वर्ग में कोमल लोहिया ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। कोमल ने उत्तराखंड बोर्ड का प्रतिनिधित्व किया।
दोनों खिलाड़ी पिथौरागढ़ स्थित स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर के प्रशिक्षु हैं और बॉक्सिंग कोच निखिल महर के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
