पिथौरागढ़ की निशा ने यूजीसी नेट–जेआरएफ में पाई सफलता, संघर्षरत मां के सपनों को दिया नया आसमान

खबर शेयर करें 👉

यूजीसी नेट–जेआरएफ परीक्षा में मड़ खड़ायत की निवासी निशा खड़ायत ने शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
निशा की माता श्रीमती ममता खड़ायत एक सिंगल मदर हैं और जिला अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने तमाम संघर्षों और सीमित संसाधनों के बावजूद अकेले ही अपनी बेटी का पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी निभाई। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने निशा की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी और उच्च शिक्षा के लिए उसे राजस्थान स्थित बनस्थली विद्यापीठ भेजा।
अपनी सफलता पर निशा ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी मां के त्याग, परिश्रम और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक संगीत शिक्षा के लिए अपनी गुरु डॉ. रमा खर्कवाल का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
निशा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता, बनस्थली के शिक्षकों और सभी गुरुजनों को दिया। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रेरणा और गर्व का वातावरण बना हुआ है।