पिथौरागढ़ । जिले के जौलजीबी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ग्राम किमखोला के भगतिरवा निवासी कुन्दन सिंह रजवार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को मृतक की पत्नी रेखा देवी ने कोतवाली जौलजीबी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 22 मार्च की शाम उनके पड़ोसियों—बसंती देवी, उसके पुत्र रमेश सिंह व जनक सिंह तथा प्रदीप सिंह—ने उनके पति के साथ लोहे की पाइप और लकड़ियों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपियों ने घटना छिपाने के लिए अगले दिन सुबह शव को घर से उठाकर जंगल में ले जाकर छिपा दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मारपीट के दौरान कुन्दन सिंह की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने शव को झिपुखोला गधेरा के जंगल में पत्थरों और मिट्टी से छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक किलोमीटर दूर जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा कर अपनी सक्रियता का परिचय दिया है।
पड़ोसियों ने की निर्मम हत्या, शव जंगल में छिपाया—जौलजीबी पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
