राष्ट्र निर्माता लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज पिथौरागढ़ में ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन किया गया। यह मार्च राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक बना।
मार्च का शुभारंभ के.एन. उप्रेती राजकीय इंटर कॉलेज से हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ देव सिंह मैदान में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इससे पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी।
देव सिंह मैदान पहुंचने पर जिलाधिकारी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाते हुए कहा कि “सरदार पटेल का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र एकीकरण का अद्वितीय उदाहरण है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
इस अवसर पर विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल ने सभी को नशामुक्ति की शपथ, जबकि नगर महापौर कल्पना देवलाल ने एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
मार्च में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों युवाओं ने हाथों में तिरंगा लिए “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, नगर महापौर कल्पना देवलाल, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
