पिथौरागढ़। जनपद के दिव्यांगजनों को प्रमाणन प्रक्रिया में सहूलियत देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 फरवरी 2026 को एक दिवसीय मानसिक दिव्यांगता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन राजकीय नर्सिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ परिसर में किया जाएगा, जहां मानसिक एवं अन्य प्रकार की दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच कर पात्र अभ्यर्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
शिविर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश से वरिष्ठ रेजिडेंट मनोचिकित्सक डॉ. आकांक्षा सिंघल एवं नैदानिक मनोवैज्ञानिक अनुभव सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। इसके अतिरिक्त मुनस्यारी खंड स्थित नमन क्लीनिक से मनोवैज्ञानिक शुभम भट्ट और सामाजिक कार्यकर्ता पूजा भी शिविर में सेवाएं देंगे। टीम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का आकलन, आवश्यक परामर्श और प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
विभाग ने शिविर में आने वाले लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, पूर्व में कराए गए चिकित्सकीय परीक्षणों की रिपोर्ट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं, ताकि प्रमाणन प्रक्रिया सुगमता से पूरी की जा सके।
