कनारीपाभैं के लोकेश और सिमर ने पास की NMMSS परीक्षा, विद्यालय में ढोल-नगाड़ों संग हुआ भव्य स्वागत

खबर शेयर करें 👉

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कनारीपाभैं के कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्र लोकेश और सिमर ने राष्ट्रीय साधन-सहयोग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) की चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित इस योजना के तहत दोनों विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं तक प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

बच्चों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से अभिभावकों में खुशी की लहर है। शीतकालीन अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकालकर दोनों होनहार विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। विद्यालय पहुंचने पर लोकेश और सिमर का फूलमालाओं से अभिनंदन, मिष्ठान वितरण और सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए एसएमसी अध्यक्ष सुनीता देवी ने विद्यालय के बच्चों द्वारा लगातार किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के चलते बीते चार-पांच वर्षों से कनारीपाभैं के अत्यंत गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाले बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में निरंतर सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने NMMSS परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जबकि इसी वर्ष कक्षा 6 के दो छात्रों ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा भी पास की है।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मोनिका देवी ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और शिक्षकों के समर्पण भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हेमा भंडारी, एसएमसी अध्यक्ष सुनीता देवी, सोनू भंडारी, ललित सिंह, उमेद सिंह, सोनी ऐरी, मोनिका देवी, मंजू ऐरी, गोवर्धन सिंह, ज्योति ऐरी, सुमन देवी, प्रियंका, कविता मेहता, जीवंती देवी, पूजा, भागीरथी, सीता, दीक्षा सहित अनेक अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र जोशी तथा शिक्षक बलवंत सिंह भंडारी, नरेश पुनेठा, गीता प्रसाद, भावना मेहता सहित समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।