नशे के अंधेरे से उम्मीद की रोशनी – पुलिस बनी सहारा,युवक को नशा मुक्ति केंद्र भेजकर दिलाई नई राह

खबर शेयर करें 👉

थाना जाजरदेवल क्षेत्र का एक युवक विवेक नशे की गिरफ्त में धीरे-धीरे फंसता जा रहा था। परिवार उसकी इस हालत से बेहद चिंतित था और हर प्रयास के बावजूद उसे नशे से बाहर नहीं निकाल पा रहा था। अंततः विवेक के पिता ने अपने बेटे को बचाने के लिए थाना जाजरदेवल पुलिस से सहायता मांगी।

थानाध्यक्ष मनोज पाण्डे ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विवेक की काउंसलिंग की। उन्होंने उसे नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया और जीवन को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की समझाइश और सहयोग से विवेक ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया और स्वेच्छा से नशा मुक्ति केंद्र हल्द्वानी जाने को तैयार हो गया।

थाना पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर विवेक को विधिवत नशा मुक्ति केंद्र हल्द्वानी भेजा, जहाँ अब उसका उपचार शुरू हो गया है।

पुलिस की इस मानवीय पहल से विवेक के परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना जाजरदेवल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह पहल समाज में यह संदेश देती है कि—“पुलिस केवल कानून की रक्षक ही नहीं, बल्कि जीवन की राह दिखाने वाली भी है।”