हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट जा रही केमू की बस संख्या यूके-04 पीए-1112 बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे भूमियाधार क्षेत्र के खुपी में सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में चालक-परिचालक सहित 14 यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल व एसडीआरएफ टीम भी पहुंची। हादसे में एक करीब 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह गंभीर घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल और दो को भवाली अस्पताल भेजा गया है। अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार के चलते चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही केमू बस खुपी के पास पलटी, एक की मौत, कई घायल
