मानव तस्करी की रोकथाम हेतु पिथौरागढ़ पुलिस और एसएसबी कीसंयुक्त कार्रवाई — झूला पुल पर चला जागरूकता अभियान

खबर शेयर करें 👉

भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा स्थित झूला पुल पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), कोतवाली झूलाघाट पुलिस तथा सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से सघन चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आमजन को मानव तस्करी से जुड़े खतरों, उसके दुष्परिणामों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान का नेतृत्व ए.एच.टी.यू. प्रभारी निरीक्षक श्री सतीश शर्मा ने किया। टीम में एच.सी.पी. तारा बोनाल, का० महेन्द्र मेहर और का० रणवीर कंबोज सम्मिलित रहे। वहीं, कोतवाली झूलाघाट प्रभारी निरीक्षक श्री संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं ए.एच.टी.यू. टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों को महिला अपराध, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी एवं नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर जागरूक किया गया।

पिथौरागढ़ पुलिस का यह अभियान सीमांत क्षेत्र में मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम हेतु जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।