23 जनवरी को 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ के प्रांगण में आशीष कुमार, कमांडेंट 55वीं वाहिनी के कुशल दिशा-निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में अंतर वाहिनी क्रॉस कंट्री 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बल के जवानों की शारीरिक दक्षता, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता एवं अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
इस अंतर वाहिनी प्रतियोगिता में सशस्त्र सीमा बल की विभिन्न वाहिनियों से आए प्रतिभाशाली एवं ऊर्जावान जवानों ने भाग लिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्ग के बावजूद सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह, जोश एवं खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाया। प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, समर्पण एवं आपसी भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
कड़े संघर्ष एवं रोमांचक प्रतिस्पर्धा के पश्चात प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें प्रथम स्थान योगेश चंद जोशी ने प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता का परिचय दिया। द्वितीय स्थान आरक्षी सामान्य प्रह्लाद सिंह को प्राप्त हुआ, जबकि तृतीय स्थान आरक्षी सामान्य मुकेश कुमार, 5वीं वाहिनी ने हासिल किया। विजेताओं को वाहिनी स्तर पर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर कमांडेंट आशीष कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ जवानों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाती हैं। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल में खेल गतिविधियों का विशेष महत्व है, जो बल की कार्यक्षमता एवं एकजुटता को बढ़ाने में सहायक होती हैं। कमांडेंट महोदय ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं उत्साह के साथ किया गया।
55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल में अंतर वाहिनी 10 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ
