कलेक्ट्रेट सभागार में 100वें आधार कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षु अधिकारियों से उनके पिथौरागढ़ भ्रमण के अनुभवों की जानकारी ली और उनसे प्रशासनिक कार्यों, विकास गतिविधियों तथा क्षेत्रीय चुनौतियों पर संवाद किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिथौरागढ़ जिला भौगोलिक दृष्टि से अति संवेदनशील है और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां प्रशासनिक तत्परता की विशेष आवश्यकता रहती है। उन्होंने ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और जन सहभागिता जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने जनपद में मिले सहयोग और क्षेत्र की विविधताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें जमीनी स्तर पर कार्य करने की गहन समझ मिली है, जो उनके प्रशासनिक जीवन में उपयोगी सिद्ध होगी।