हल्द्वानी तहसील में कानून गो के घर से चल रहा था काम, सीएम धामी ने लिया संज्ञान; तहसीलदार समेत कई अफसरों पर कार्रवाई

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। हल्द्वानी तहसील में बड़े पैमाने पर लापरवाही और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायतों के आधार पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया और कुमायूं आयुक्त से रिपोर्ट मांगी। आयुक्त द्वारा की गई जांच में गंभीर खामियां मिलने पर जिला प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह ने तहसीलदार मनीषा बिष्ट को पद से हटाते हुए उनके खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि (Special Adverse Entry) दर्ज की है। इससे पहले जून माह में भी वार्षिक निरीक्षण में अनियमितताएं सामने आने पर उन्हें चेतावनी दी गई थी, लेकिन सुधार न होने पर यह कदम उठाया गया।

इसी क्रम में तहसील में कार्यरत सर्वे कानून गो अशरफ अली को तत्काल प्रभाव से हटाकर उनके मूल जनपद ऊधम सिंह नगर भेजा गया है। उनके निलंबन की संस्तुति भी भेजी गई है। वहीं, लंबे समय से तैनात रजिस्ट्रार कानून गो भगवत बिष्ट का भी स्थानांतरण कर दिया गया है।

डीएम ने स्पष्ट किया है कि तहसील हल्द्वानी में पाई गई अनियमितताओं की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब जनता की शिकायतें मिलती हैं तो सरकार जांच कराकर कार्रवाई करती है। हल्द्वानी तहसील में कानून गो के घर से कामकाज चलने की शिकायत गंभीर थी, इसलिए संबंधित अधिकारियों पर सख्त एक्शन लिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जिले और तहसीलों में कामकाज नियम और व्यवस्था के अनुरूप न हुआ तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे।