रिश्तों में दरार का खौफनाक अंजाम: पड़ोसियों ने की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

खबर शेयर करें 👉

मारपीट के बाद शव जंगल में छिपाया, एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पिथौरागढ़ । जनपद के जौलजीबी क्षेत्र में रिश्तों में आई दरार ने एक व्यक्ति की जान ले ली। कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला 22 मार्च 2026 की शाम का है, जब ग्राम किमखोला के भगतिरवा निवासी कुन्दन सिंह रजवार के साथ उसके पड़ोसियों—बसंती देवी, रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह—ने लोहे की पाइप और लकड़ियों से मारपीट की। इस दौरान गंभीर चोट लगने से कुन्दन सिंह की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से 23 मार्च की सुबह करीब 7 बजे शव को घर से उठाकर झिपुखोला गधेरा के जंगल में ले जाकर पत्थरों और मिट्टी से छिपा दिया।

मृतक की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश में दबिश दी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को बसंती देवी के घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।