बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के स्वागत-सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ऐचोली से जिला प्रभारी गोविन्द सिंह पिलखवाल, सह प्रभारी निर्मल मेहरा और प्रदेश मंत्री दीपीका बोहरा का कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकालकर उन्हें सम्मानित किया।
भाजपा कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसी क्रम में “आत्मनिर्भर भारत” संकल्प अभियान के तहत जिला कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता दर्जा मंत्री रीश्री कंडवाल ने कहा कि देश हित में स्वदेशी नीति को अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जब हम ‘स्वदेशी अपनाओ’ की दिशा में आगे बढ़ेंगे तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें “घर-घर स्वदेशी” अभियान के माध्यम से भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बना रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी नीति से देश लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सह प्रभारी निर्मल मेहरा ने सभी मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों को आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम को मंडल स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। यह अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, दर्जा मंत्री रीश्री कंडवाल, जिला प्रभारी गोविन्द सिंह पिलखवाल, सह प्रभारी निर्मल मेहरा, प्रदेश मंत्री दीपीका बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।