हेडलाइन: वीरेंद्र वाल्दिया ने निर्वाचन आयोग की बैठक में उठाया नेपाल मूल की महिलाओं के मतदाता पंजीकरण का मुद्दा

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता वीरेंद्र वाल्दिया ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के शिष्टमंडल के साथ उत्तराखंड सचिवालय में निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। यह बैठक संगठन द्वारा संचालित “एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान” के तहत आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी आर वी पुरुषोत्तम एवं निर्वाचन आयुक्त विजय जोगडंडे के साथ निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस दौरान वीरेंद्र वाल्दिया ने विशेष रूप से पिथौरागढ़ जनपद में नेपाल मूल की नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करने में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आयोग से इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया, ताकि पात्र महिलाओं को उनके मताधिकार से वंचित न होना पड़े।

बैठक वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने शिष्टमंडल को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।