पिथौरागढ़ में तैनात 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की आरक्षी (सामान्य) नीतू कुमारी को साहसिक, अनुकरणीय और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान 14 जनवरी 2026 को देहरादून स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम “एक शाम शहीदों के नाम” के दौरान प्रदान किया गया।
आरक्षी नीतू कुमारी पिछले करीब 18 वर्षों से एसएसबी में सेवाएं दे रही हैं। अब तक उन्होंने 11 परितोषिक अर्जित किए हैं। वर्ष 2019 की भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने राहत व बचाव कार्यों में सराहनीय भूमिका निभाई थी। इसके अलावा पिथौरागढ़ के दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्र में तैनाती के दौरान एक आपातकालीन रेस्क्यू ऑपरेशन में आग से प्रभावित परिवार के तीन सदस्यों की जान बचाई।
वर्तमान में वे 55वीं वाहिनी में महिला कार्मिकों की इंचार्ज के रूप में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व और समर्पण से महिला बल की कार्यकुशलता और अनुशासन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
