पिथौरागढ़ में भूतपूर्व सैनिक रैली में राज्यपाल गुरमीत सिंह का संबोधन, पर्यटन व स्वरोजगार पर दिया जोर

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पंचशूल ब्रिगेड की 12 कुमाऊं में भारतीय सेना द्वारा आयोजित भूतपूर्व सैनिक रैली एवं सैनिक परिवार कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राज्यपाल ने जोरावर साइकिल रैली का समापन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और वीर नारियों व वेटरन्स को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का हर जवान एक नेतृत्वकर्ता होता है, जिसे समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने पिथौरागढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे धार्मिक स्थलों से क्षेत्र को विशेष पहचान मिल रही है।
उन्होंने “वाइब्रेंट विलेज” पहल की सराहना करते हुए शहद, अरोमा और मिलेट्स को स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही पूर्व सैनिकों को होम-स्टे और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने “वन रैंक वन पेंशन” योजना के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया और बी सी जोशी को स्मरण करते हुए उनके योगदान को सराहा। उन्होंने जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की कार्यशैली की भी प्रशंसा की और जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।