धारचूला क्षेत्र में तवाघाट-लिपुलेख मोटरमार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मांगती के पास कार्य के दौरान चट्टान टूटने से एक्सकैवेटर चालक मनीष चुफाल (लगभग 32 वर्ष), निवासी नाचनी, बोल्डरों के बीच दब गए।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार धारचूला, सीओ धारचूला और उनकी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद मनीष चुफाल को मलबे से बाहर निकाला और उप जिला अस्पताल धारचूला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
