बिजली 15 पैसे प्रति यूनिट तक महंगी, होली से पहले यूपीसीएल का झटका; 13 महीनों में 10वीं बार बढ़ीं दरें

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को होली से पहले महंगाई का एक और झटका लगा है। ऊर्जा निगम (यूपीसीएल) ने फरवरी महीने के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPCA) के तहत बिजली दरों में चार पैसे से लेकर 15 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसका असर उपभोक्ताओं के होली के दौरान आने वाले बिजली बिलों में साफ दिखाई देगा।
बुधवार को यूपीसीएल प्रबंधन ने नई दरें जारी कीं, जिन्हें एमडी अनिल कुमार के अनुमोदन के बाद लागू किया गया। पिछले 13 महीनों में 10वीं बार बिजली दरों में इजाफा किया गया है, जबकि केवल तीन बार ही राहत मिली है।
नई दरों के अनुसार बीपीएल उपभोक्ताओं पर 0.4 पैसे, घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 पैसे, कमर्शियल पर 14 पैसे, सरकारी संस्थानों पर 13 पैसे, कृषि पर 0.7 पैसे, उद्योग पर 13 पैसे और अस्थायी कनेक्शन पर सबसे अधिक 15 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा मिक्स लोड, रेलवे और ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर भी 12 पैसे प्रति यूनिट का इजाफा हुआ है।
जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच अधिकांश महीनों में बिजली महंगी हुई है। हालांकि नवंबर, दिसंबर और जुलाई में कुछ राहत दी गई थी, लेकिन बाकी महीनों में लगातार बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। ऊर्जा निगम ने पहले दावा किया था कि मासिक समायोजन से वार्षिक दरों में बढ़ोतरी नहीं होगी, बावजूद इसके एक अप्रैल 2025 से सालाना दरों में भी 5.6 प्रतिशत वृद्धि लागू की गई थी।
लगातार बढ़ती दरों से आम उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।