गुरना के पास कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ में गुरना मंदिर से पहले शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लगभग 07:20 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक कैंटर वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एचोली चौकी से उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति मुख्य सड़क से लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ मिला, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान केशव सिंह बोरा (48) पुत्र … निवासी ग्राम दुंगा टोली, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है, जो कैंटर वाहन का चालक था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक गुरुवार दोपहर वाहन में गिट्टी भरकर लोहाघाट गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।