कलेक्ट्रेट में आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में ई-कार्यालय प्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी विभागों को ई-ऑफिस व्यवस्था अनिवार्य रूप से अपनाने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए डिजिटल प्रणाली जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पत्र के साथ रसीद अनिवार्य रूप से तैयार हो, पत्र निर्धारित फॉर्मेट व आधिकारिक प्रक्रिया के अनुसार ही भेजे जाएं तथा अनावश्यक प्रिंटिंग से बचते हुए पत्राचार केवल ई-ऑफिस से किया जाए। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि ई-ऑफिस का उपयोग नहीं करने वाले विभागों पर कार्रवाई होगी। संचालन में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु एनआईसी से समन्वय के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
ई-कार्यालय व्यवस्था नहीं अपनाने पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी आशीष भटगांई
