दिनेश गुरुरानी ने ली UKD की सदस्यता, डीडीहाट से विधायक के टिकट की दावेदारी ठोकी

खबर शेयर करें 👉

राज्य आंदोलनकारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए चर्चित और केएमवीएन के पूर्व कर्मी दिनेश गुरुरानी ने आज उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी की उपस्थिति में पौधारोपण अभियान के 546वें दिन दल की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र से उत्तराखंड क्रांति दल के टिकट पर विधायक की दावेदारी केंद्रीय पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।

दिनेश गुरुरानी पिछले 30 वर्षों तक संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं–गढ़वाल मंडल विकास निगम के अध्यक्ष तथा 17 वर्षों तक जिला ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने विभिन्न कर्मचारी, शिक्षक और सामाजिक संगठनों में नेतृत्व किया है। पर्यावरण के क्षेत्र में हिमालय बचाओ अभियान के तहत अब तक 5 लाख लोगों को शपथ दिलाने और 3 लाख से अधिक पौधे रोपित कराने का रिकॉर्ड उनके नाम है, जिसके लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी उनका नाम दर्ज है।

गुरुरानी ने कहा कि राज्य निर्माण की लड़ाई के बाद अब राज्य को बचाने की लड़ाई जनता के साथ अग्रिम पंक्ति में लड़ेंगे। दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनके शामिल होने पर बधाई दी।