उत्तराखंड वासियों के लिए राहत भरी खबर है — अब देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) सप्ताह में तीन दिन चलेगी। रेल मंत्रालय ने इसकी आवृत्ति साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक करने की स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट के दौरान इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यह बड़ा निर्णय लिया है।
नई समय सारिणी के अनुसार —
🔹 15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी।
🔹 15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
(पहले यह सेवा सप्ताह में केवल एक दिन संचालित होती थी।)
रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को शीघ्र प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा —
“देहरादून–टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। यह न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में रेल परियोजनाएँ तेज़ी से प्रगति पर हैं, जिससे आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल संपर्क सुनिश्चित होगा।
रेल मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) श्री विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि यात्रियों को समय पर जानकारी मिल सके।
