पिथौरागढ़- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूर्व दर्जा सिलथाम चौराहे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार महिलाओं से जुड़े जघन्य अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं और राज्य सरकार इन मामलों में दोषियों को संरक्षण दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नैनीताल में भाजपा पदाधिकारी द्वारा बच्चियों के अपहरण और दुष्कर्म, चंपावत में भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा महिला के साथ अशोभनीय हरकत, और हरिद्वार में भाजपा की महिला मंत्री के परिवार से जुड़े प्रकरण जैसी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि “राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है।”
नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित कई मामलों में भाजपा पदाधिकारियों की संलिप्तता सामने आई है, जिससे साफ होता है कि “प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्पीड़न में नंबर वन बन चुकी है।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक ऐसे अपराधियों को कड़ी सजा या फांसी नहीं दी जाती, तब तक कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनआंदोलन जारी रखेगी और “महिला विरोधी डबल इंजन सरकार” को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश पंत, दीपक लुंठी, अभिषेक बोरा, नवीन कापड़ी, राहुल लुंठी, कोमल शाही, नितीश सागर, छात्रसंघ महासचिव अमित कुमार और भूपेश नगरकोटी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।