लोकपर्व इगास के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को वसुकेदार तहसील के आपदा प्रभावित ग्राम भौंर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मृतक कुलदीप सिंह नेगी और सते सिंह के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भौंर में स्थाई हेलीपैड, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण तथा मोटर सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने की कार्ययोजना बनाने और क्षतिग्रस्त वाहनों के मुआवजे की बात कही।
मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ भोजन करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत कर राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
