नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में प्रस्तावित सात जल विद्युत परियोजनाओं (कुल क्षमता 647 मेगावाट) के विकास एवं निर्माण के लिए केंद्र से स्वीकृति और सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य के सतत विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए इन परियोजनाओं को आवश्यक बताया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिससे युवाओं को खेलों के माध्यम से रोजगारपरक अवसर मिल सकें। इसके लिए गौलापार क्षेत्र में लगभग 12.317 हैक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों को इस भूमि स्थानांतरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार, उत्तराखंड के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा उपस्थित रहे।