सीमांत जिले की होनहार बॉक्सर काजल ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। काजल का चयन स्पेन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बॉक्सम टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह टूर्नामेंट 1 से 8 फरवरी 2026 तक स्पेन में आयोजित किया जाएगा।
काजल का चयन जनवरी 2026 में नोएडा में आयोजित एलीट नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने 65 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार मुकाबले खेलते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इस उपलब्धि के बाद उनका चयन नेशनल कैंप के साथ-साथ बॉक्सम टूर्नामेंट के लिए किया गया।
भारतीय टीम में कुल 34 बॉक्सर शामिल हैं, जिनमें 17 पुरुष और 17 महिला खिलाड़ी हैं। टीम इंडिया शनिवार शाम स्पेन के लिए रवाना हो चुकी है। काजल के चयन से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
