अल्मोड़ा जिले से एक दुखद समाचार सामने आया है। यहां रानीखेत विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रमोद नैनवाल के छोटे भाई और भिकियासैंण के ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल का सोमवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया।
परिजनों के अनुसार, सतीश नैनवाल लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। अचानक ज्यादा परेशानी होने पर उन्हें गंभीर अवस्था में एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम द्वारा लगातार इलाज किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। 10 फरवरी 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली।
निधन की सूचना मिलते ही भिकियासैंण, रानीखेत सहित पूरे अल्मोड़ा जिले में शोक की लहर फैल गई है । विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल देने की प्रार्थना की है।
