रोडवेज को बड़ी राहत: 200 ड्राइवर-कंडक्टरों की होगी भर्ती, आउटसोर्स से मिलेगी नियुक्ति की अनुमति

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। ड्राइवर और कंडक्टरों की भारी कमी से जूझ रहे उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने निगम को आउटसोर्स के माध्यम से 200 नए ड्राइवर और कंडक्टरों की भर्ती की विशेष अनुमति दे दी है। इसके बाद रोडवेज प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है, जिससे बेड़े में शामिल नई बसों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
रोडवेज में वर्ष 2017 से सीधी भर्ती पर रोक लगी हुई है। हाल ही में आउटसोर्स नियुक्तियों पर भी पाबंदी लगने से निगम की सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। स्टाफ की कमी के कारण नई बसें होने के बावजूद उन्हें सड़क पर नहीं उतारा जा पा रहा था और कई पुरानी बसों को खड़ा करना पड़ रहा था।
महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि शासन से आउटसोर्स भर्ती की अनुमति मिल चुकी है और प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पर्यटन और यात्रा सीजन से पहले सभी डिपो में ड्राइवर-कंडक्टरों की कमी दूर कर ली जाएगी।
नए कर्मियों की तैनाती से न केवल बसों का सुचारु संचालन होगा, बल्कि लंबी दूरी के रूटों पर फेरे बढ़ने से यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।