पिथौरागढ़ । जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए रोज़ाना हजारों गैस सिलेंडर जनपद में पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी श्री विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को 9 गाड़ियों के माध्यम से करीब 1850 घरेलू गैस सिलेंडर पिथौरागढ़ पहुंचे। वहीं गुरुवार को 12 गाड़ियों से लगभग 2500 सिलेंडर की आपूर्ति की गई। शुक्रवार को भी 14 गाड़ियों के जरिए करीब 2900 सिलेंडर जनपद में पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा, शुक्रवार को ही लगभग 2700 सिलेंडरों का वितरण भी किया जा चुका है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति लगातार जारी है। ऐसे में किसी भी नागरिक को घबराने या अनावश्यक रूप से लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं है। सभी को व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने नगर क्षेत्र को 8 सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है, जो गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन पर विश्वास रखें। प्रशासन प्रत्येक घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पिथौरागढ़ में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, रोज़ाना हजारों सिलेंडर की सप्लाई—कालाबाजारी पर कड़ा शिकंजा
