पिथौरागढ़ जिले के जाजर चिंगरी स्थित आदर्श विद्यालय के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। विद्यालय के छह मेधावी छात्रों का कक्षा 6 में प्रवेश हेतु सैनिक स्कूल नैनीताल में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
चयनित छात्रों में सुनील कुमार, विनीता भाटिया, पीयूष कुमार, अदिति, कृष्णा और मोनिका शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत से यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने चयनित छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व जनपद का नाम रोशन करेंगे।
चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय में अध्यापक, अभिभावक और छात्र खुशी से झूम उठे। विद्यालय प्रबंधन ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
