कुमाऊं के 6 और गढ़वाल के 8 भाजपा नेताओं को मिली जिम्मेदारी

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में एक बार फिर दायित्वों का बड़ा बंटवारा करते हुए पुष्कर सिंह धामी सरकार ने भाजपा नेताओं को विभिन्न परिषदों और आयोगों में जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस सूची में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कुल 14 नेताओं को शामिल किया गया है, जिससे संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है।
जारी सूची के अनुसार देहरादून से कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल से ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में जिम्मेदारी दी गई है, वहीं टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में स्थान मिला है।
इसी क्रम में चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में शामिल किया गया है। देहरादून की चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में जिम्मेदारी सौंपी गई है। चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में स्थान दिया गया है, जबकि टिहरी के खेम सिंह चौहान को ओबीसी कल्याण आयोग/परिषद में जिम्मेदारी दी गई है।
टिहरी की सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में शामिल किया गया है और अल्मोड़ा के गोविंद पिलखवाल को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में स्थान मिला है। देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में जिम्मेदारी सौंपी गई है। काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार के इस फैसले को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर आगामी चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।