सीमांत गांव भटेडी में 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 42 ग्रामीणों को मिला लाभ

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल की 55वीं वाहिनी, पिथौरागढ़ द्वारा ग्राम भटेडी में नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नागरिक कल्याण योजना के अंतर्गत कमांडेंट आशीष कुमार के निर्देशन तथा डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्साधिकारी (एस.जी.) की देखरेख में सीमा चौकी झुलाघाट के कार्यक्षेत्र में किया गया।

शिविर के दौरान ग्रामीणों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। कुल 42 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 24 पुरुष, 16 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। भटेडी गांव के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।